14  दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस की भारत बचाओ रैली 

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा 14 दिसंबर को दिल्ली में बढ़ती बेरोजगारी, विकास दर में कमी, महंगाई, आर्थिक मंदी, आपराधिक घटनाओं के बढ़ने और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी सफलता के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कार्यालय में प्रीतम सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रीतम सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों से आम जनता खुश नहीं है और जनता कांग्रेस का साथ चाहती है जिसका परिणाम हमारे सामने हरियाणा और महाराष्ट्र के रूप में है। उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव हों या फिर हालिया पंचायत चुनाव हमनें दोनों में बेहतर प्रदर्शन किया है। उत्तराखंड में मौजूदा भाजपा सरकार लगातार जनता के हितों को दरकिनार कर रही है फिर चाहे टीएचडीसी का हस्तांतरण हो या मंदिरों को जबरन श्राईन बोर्ड के अधीन लाने का। उन्होंने कहा कि जनविरोधी नीतियों का पूरजोर विरोध किया जाएगा। पूरे विश्वास के साथ प्रीतम सिंह ने कहा कि 2022 में उत्तराखंड में कांग्रेस भारी बहुमत के साथ वापसी करेगी। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक अनिल शर्मा, सह प्रभारी राजेश धर्माणी, मनीष खंडूरी, प्रकाश जोशी, इन्दिरा ह्रेदश, मातबर सिंह कंडारी, गणेश गोदियाल, मंत्री प्रसाद नैथानी, शूरवीर सिंह सजवाण, लालचंद शर्मा, शैलेन्द्र रावत, राजपाल बिष्ट, कविन्द्र इष्टवाल, सूरत सिंह नेगी, आर्यन शर्मा, नीरज भंडारी आदि उपस्थित थे।