भल्ले गांव क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन भट्ट ने देवप्रयाग विकासखंड के भल्ले गांव क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की है। देवप्रयाग खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी टिहरी को क्षेत्रीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर युक्त प्रस्ताव भेजा है। ज्ञात हो कि उत्तराखण्ड के प्रत्येक विकासखणड के लिए केंद्रीय संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा एक एक केंद्रीय विद्यालय खोलने हेतु जिलाधिकारियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसी क्रम में भल्ले गांव क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन भट्ट ने देवप्रयाग विकास खंड अधिकारी के माध्यम से जिला प्रशासन को प्रस्ताव स्वीकृत कराने के लिए भेजा है। क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट ने कहा कि भल्ले गांव क्षेत्र प्रयाग नगरी देवप्रयाग, तहसील देवप्रयाग, ब्लॉक मुख्यालय देवप्रयाग और श्रीनगर गढ़वाल के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। भल्ले गांव में केंद्रीय विद्यालय खुलने से इस क्षेत्र से जुड़े 75 गांवों के ग्रामीणों सहित क्षेत्र के केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों का लाभ मिलेगा।
देवप्रयाग ब्लॉक प्रमुख सूरज पाठक ने भल्ले गांव में केंद्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्ताव पर अपनी संस्तुति प्रदान की है।
भल्ले गांव क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए भल्ले गांव ग्राम प्रधान जयंती डंगवाल, भडोली ग्राम प्रधान हेमलता देवी, ललथ पाटों ग्राम प्रधान हरीश रतूड़ी, रूम धार ग्राम प्रधान प्रदीप बडोनी, बोंगा रामपुर ग्राम प्रधान राजेन्द्र पयाल, देवप्रयाग पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयपाल पंवार सहित कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई है।