कविन्द्र इष्टवाल बने प्रदेश सचिव, प्रीतम सिंह की नई टीम का गठन

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह की टीम के गठन का इंतजार अंततः खत्म हुआ। पुरानी कमेटी को समाप्त कर प्रीतम सिंह ने नई टीम के गठन के लिए लम्बे होमवर्क के बाद दिल्ली हाईकमान को अप्रूवल के लिए लिस्ट दी थी। पहले मकर संक्रांति पर इस बात के कयास लगाए जा रहे थे नई टीम को मंजूरी मिल सकती है परंतु उसके बाद भी उस लिस्ट में फेरबदल करना पड़ा। अंततः अब जाकर लिस्ट फाईनल करते हुए नई टीम का गठन हो पाया है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी में गणेश गोदियाल, सूर्यकांत धस्माना सहित 20 अन्य लोगों को उपाध्यक्ष, हरिकृष्ण भट्ट, राजपाल खरोला, लक्ष्मी राणा सहित 28 अन्य लोगों को महामंत्री, समाजसेवी कविन्द्र इष्टवाल सहित कुल 98 लोगों को सचिव बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, इन्दिरा ह्रेदश, मनीष खंडूरी, मंत्री प्रसाद नैथानी सहित कुल 90 लोगों को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
कविन्द्र इष्टवाल को सचिव बनाए जाने पर उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो पद सौंपा है उसका वो पूरा मान रखते हुए युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़कर पार्टी की मजबूती में अपना पूरा योगदान देंगे। पार्टी ने अपने लंबे कार्यकाल में जो भी काम किए हैं उससे नई युवा पीढ़ी को अवगत कराएंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के मार्गदर्शन में वे हर वक्त पार्टी कार्यकर्ता बनकर खड़े हैं।
उत्तराखंड में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रीतम सिंह की नई टीम की जिम्मेदारियां और लक्ष्य नई रणनीति को बनाने में क्या भूमिका निभाती है यह तो वक्त बताएगा। फिलहाल तो नए पदाधिकारियों के आगे नई पीढ़ी को, महिलाओं को, पंचायत चुनाव में रूठे हुए कार्यकर्ताओं को संगठित कर 2022 की रणनीति बनाने में एक मंच पर लाने का लक्ष्य खड़ा है।
वर्तमान त्रिवेन्द्र सरकार से नाराज बैठी जनता को अपनी तरफ करने में भी नई प्रदेश कांग्रेस कमेटी की भूमिका अहम् रहेगी।