महिला पार्षद को जान का खतरा, सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार

महिला पार्षद को जान का खतरा, सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार
सोशल मीडिया पर आज अचानक देहरादून की एक महिला पार्षद ने अपने पति और ससुरालियों पर जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। महिला पार्षद ने अपने पति पूर्व प्रधान पर कई और भी गंभीर आरोप लगाए जैसे क्षेत्र की महिलाओं को ब्लैकमेल करने, अन्य महिलाओं से नाजायज़ सम्बन्ध और अपनी फर्जी मोहर और हस्ताक्षर का दुरुपयोग।
महिला पार्षद ने अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से बताया कि वह पिछले दस सालों से घरेलू हिंसा की शिकार हो रही थी मजबूरन उसे आज सोशल मीडिया का सहारा लेना पड़ा। हालांकि पोस्ट करने के आधा घंटे बाद ही महिला पार्षद ने अपनी सारी पोस्ट डिलीट कर दी, परंतु तब तक लोगों ने उसके स्क्रीन शाॅट ले लिए।
इसकी छानबीन करने पर पता चला कि महिला पार्षद इससे पहले भी सोशल मीडिया पर अपने पति पर इस तरह के गंभीर आरोप लगा चुकी है।
सूत्रों ने बताया कि महिला पार्षद किसी निजी संस्थान में पढ़ाने का कार्य करती है और इसी वजह से निगम की बोर्ड बैठकों में उनके पति प्रतिभाग करते देखे गए हैं। महिला पार्षद ने अपने पति और ससुरालियों के विरूद्ध विधिक कार्यवाही का भी एलान किया! 
सवाल यह है कि जब एक महिला पार्षद ही घरेलू हिंसा की शिकार हो रही है तो आम महिलाओं की स्थिति कितनी भयावह होगी सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।


फोटो साभार फेसबुक